logo

पंजाब सरकार लोगों की सुरक्षा करने में रही असफल : डा. सीमांत गर्ग !!

पंजाब सरकार लोगों की सुरक्षा करने में रही असफल : डा. सीमांत गर्ग !!

मोगा, 12 जुलाई (मुनीश जिन्दल) 

बीते दिनों जिले के कस्बा कोट ईसे खां के हरबंस नर्सिंग होम के डा. अनिलजीत कंबोज को दिन दिहाड़े दो मोटरसाइकिल सवारों द्वारा गोलियां मार दी गई थी। जिसके बाद गंभीर अवस्था में उन्हें स्थानीय मैडीसिटी हस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जहां फिलहाल अभी उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। भाजपा के जिलाध्यक्ष डा. सीमांत गर्ग ने अस्पताल पहुंच कर डा. अनिलजीत कंबोज का हालचाल जाना। इस मौके पर डा. सीमांत ने डा.अनिलजीत के बेटे डा. चाहत कंबोज तथा उनका इलाज कर रहे डाक्टरों के साथ भी बातचीत की तथा डा. अनिलजीत कंबोज के जल्दी स्वास्थ्य होने की कामना की। इस मौके पर भाजपा के महामंत्री विक्की सितारा, मंडल अध्यक्ष रविंदर ग्रोवर, संजीव मंगला, सचिन गर्ग, आशीष सिंगला, जतिंदर चड्ढा, हेमंत सूद आदि भी उनके साथ मौजूद थे।

 पत्रकारों से बात करते हुए डा.सीमांत गर्ग ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों की सुरक्षा करने में असफल साबित हुई है। जिस कारण आज पंजाब में अमन कानून की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में दिन दिहाड़े गैंगस्टर, व्यापारियों, दुकानदारों, डाक्टरों से फिरौती मांग रहे हैं तथा फिरौती ना देने वालों को गोलियां मार दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि वे इस संबंधी एक रिपोर्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भेज रहे हैं, ताकि पंजाब में लोगों की सुरक्षा को यकीनी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पंजाब में कानून व्यवस्था खराब है, उसी प्रकार पंजाब की आर्थिक स्थिति भी खराब हो चुकी है तथा पंजाब सरकार केंद्र से कर्जा लेकर मुलाजिमों को वेतन देने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि आज पंजाब का हर वर्ग किसान, व्यापारी, दुकानदार, पैंशनर, मुलाजिम पंजाब सरकार से दुखी है तथा वह अपनी मांगों के लिए सडक़ों पर धरने प्रदर्शन करने को  विवश है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने 2022 में चुनावों से पहले जो लोगों से वायदे किए थे, उन वायदों को पूरा नहीं किया। जिस कारण आज पंजाब के लोगों में रोष है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब में भाजपा की डबल इंजन सरकार आए बिना पंजाब तरक्की नहीं कर सकता तथा पंजाब में अमन कानून की स्थिति बहाल नहीं की जा सकती। उन्होंने दावा किया कि आज पंजाब के, खासकर गांवों के लोग 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीबों व आम लोगों के लिए बनाई गई स्कीमों का लाभ जमीनी स्तर पर उन्हें मिलने के कारण भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज तक पंजाब में जितनी भी सरकारों ने शासन किया है किसी ने भी लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए हैं। जिस कारण आज पंजाब के लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है तथा पंजाब में रोजगार न होने के कारण आज पंजाब के बच्चे विदेशों में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 2027 में भाजपा की सरकार पंजाब में लाई जाए, ताकि पंजाब की आर्थिक स्थिति को मजबूत करके तथा पंजाब के लोगों को रोजगार मुहैया करवाकर उनके माध्यम से पंजाब को आर्थिक तौर पर मजबूत किया जा सके। उन्होंने डा. अनिल जीत कंबोज के बेटे डा. चाहत कंबोज को भी हौसला देते कहा कि उन्हें उम्मीद है कि डा. अनिल कंबोज जल्दी ठीक होकर दोबारा लोगों की सेवा करेंगे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!