logo

Education

DN Model स्कूल के विद्यार्थियों ने लहराया परचम, समूहगान प्रतियोगिता में जिले में प्रथम

मोगा 11 अक्टूबर (मुनीश जिन्दल)  भारत विकास परिषद की मोगा शाखा की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र प्रेम एवं देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से रविवार को मोगा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें डी.एन. मॉडल स्कूल, मोगा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।  स्कूल की हिंदी की अध्यापिका ज्योति सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में शहर के 6 स्कूलों ने भाग लिया था, जिसमें डी.एन. मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और मधुर गायन से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि इस शानदार उपलब्धि के पीछे विद्यालय के संगीत विभाग की अध्यापिका मीनाक्षी घई तथा प्रितपाल सिंह का विशेष योगदान रहा है, जिन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षित किया तथा उनकी गायन प्रतिभा को निखारने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्कूल प्रबंधन कमेटी के प्रधान तुषार गोयल एवं अश्विनी कुमार मट्टू ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्रिंसिपल सोनिया कल्सी ने भी विजेता विद्यार्थियों एवं संगीत विभाग की अध्यक्षा मीनाक्षी घई को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक भावना का विकास करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करके विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगकर्ताओं को बधाई दी और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

DN मॉडल स्कूल में CBSE द्वारा ‘कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम’ आयोजित

मोगा 10 अक्टूबर (मुनीश जिन्दल)  डी.एन. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सीबीएसई की ओर से ‘एडवांस लाइफ स्किल्स’ (उन्नत जीवन कौशल) विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के 63 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल को विकसित करना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जीवन कौशल को प्रभावी ढंग से शिक्षण प्रक्रिया में शामिल करने हेतु प्रेरित करना था। स्कूल की हिंदी की अध्यापिका ऐंवम किंडरगार्टन की कोऑर्डिनेटर ज्योति सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में राजीव बुद्धराजा, सीनियर पीजीटी तथा किरणजीत कौर, प्रिंसिपल ने रिसोर्स पर्सन के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रिसोर्स पर्सन्स ने जीवन कौशल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रभावी संवाद, आलोचनात्मक चिंतन, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान, आत्म जागरूकता, सहानुभूति तथा पारस्परिक संबंधों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन, जिम्मेदारी की भावना और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है। इस मौके पर विभिन्न गतिविधियों और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों से भी अवगत करवाया गया। इस दौरान अध्यापकों को अलग अलग गतिविधियों के जरिए कक्षा को किस प्रकार विद्यार्थी केंद्रित और सुनियोजित किया जा सकता है उसके बारे में सिखाया गया। यह कार्यक्रम शिक्षकों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इससे उन्हें अपने शिक्षण कार्य में जीवन कौशल आधारित गतिविधियों को शामिल करने तथा विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक और सहयोगपूर्ण शैक्षिक वातावरण तैयार करने की प्रेरणा मिली। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल सोनिया कलसी का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने शिक्षकों को इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं व्यावसायिक विकास से जुड़े कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, स्कूल प्रबंधन कमेटी के प्रधान तुषार गोयल एवं अश्विनी कुमार मट्टू के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के ज्ञान, कौशल एवं शिक्षण क्षमता को और अधिक सशक्त बनाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता के साथ हुआ। 

DN मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में जिला स्तर पर लहराया परचम

मोगा 4 अक्टूबर, (मुनीश जिन्दल)  DN मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और ज्ञान का शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘भारत विकास परिषद’ द्वारा आयोजित ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के जिला स्तर पर वरिष्ठ एवं कनिष्ठ, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। स्कूल की हिंदी की अध्यापिका ऐंवम किंडरगार्टन की कोऑर्डिनेटर ज्योति सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज सेवी संस्था भारत विकास परिषद की मोगा शाखा की ओर से ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के दूसरे चरण के अंतर्गत शाखा स्तरीय प्रतियोगिता स्थानीय डॉ. हेडगेवार शहीद ओमप्रकाश सर्वहितकारी विद्या मंदिर हाई स्कूल में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में शहर के लगभग 19 स्कूलों के 76 विद्यार्थियों ने वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग में भाग लिया। जिसमें डी.एन. मॉडल स्कूल के वरिष्ठ वर्ग में कक्षा दसवीं के मनन वत्स एवं कक्षा नौवीं के आर्यन कालड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कनिष्ठ वर्ग में कक्षा आठवीं के माधव सिंगला एवं कक्षा छठी के विवान अग्रवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। इन चारों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन अब राज्य स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मैडम ज्योति ने बताया कि स्कूल की इस उपलब्धि के पीछे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत एवं मार्गदर्शन का विशेष योगदान रहा है। प्रतियोगिता की तैयारी मैडम रेनू रावल के मार्गदर्शन में करवाई गई, जिन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास एवं उचित दिशा प्रदान की। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर स्कूल मैनेजमेंट के अध्यक्ष तुषार गोयल, सचिव अश्विनी कुमार मट्टू सहित प्रबंधन कमेटी के अन्य सदस्यों ने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं अध्यापकों को बधाई दी तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।  इधर स्कूल की प्रिंसिपल मैडम सोनिया ने भी विजेता विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी इसी उत्साह और मेहनत के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मैडम रजनी एवं मैडम कनिका भी उपस्थित रहीं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार में खुशी एवं उत्साह का माहौल है।

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में करियर काउंसलिंग और मोटिवेशनल सेशन का आयोजन : स्मृति भल्ला

मोगा, 21 सितंबर (मुनीश जिन्दल) दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मोगा के प्रांगण में कक्षा 8वीं से 11वीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग और प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में ‘फाइलफॉट इंस्टीट्यूट’ के संस्थापक एवं निदेशक चरण कमल सिंह उपस्थित रहे। वर्ष 1994 से शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहा यह संस्थान भाषा प्रशिक्षण के साथ साथ NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जाना जाता है।  सत्र के दौरान चरण कमल सिंह ने छात्रों को भविष्य में सही करियर चुनने, सही स्ट्रीम का चयन करने और लक्ष्य तय करने का तरीका सिखाया। उन्होंने विद्यार्थियों को मुख्य रूप से स्किल एजुकेशन एवं हुनर विकास (किताबी ज्ञान के साथ साथ नए हुनर सीखने पर ज़ोर), समय प्रबंधन (पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के बीच सही तालमेल), परीक्षा के दबाव से निपटना (बोर्ड और प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान बिना तनाव के तैयारी करना), उत्तर लेखन शैली (परीक्षा में बेहतर अंक पाने के आसान तरीके), व्यक्तित्व विकास (आत्मविश्वास बढ़ाना और बातचीत की शैली में सुधार) आदि विषयों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान चरण कमल सिंह ने स्कूल की तारीफ करते हुए कहा कि DWPS मोगा पढ़ाई के साथ साथ सह पाठ्यक्रम गतिविधियों और स्किल डेवलपमेंट पर बहुत अच्छा ध्यान देता है। हाल ही में एजुकेशन टुडे द्वारा ‘नॉर्थ इंडिया स्कूल मेरिट अवार्ड्स 2026’ में पंजाब स्तर पर ‘बेस्ट सह पाठ्यक्रम शिक्षा’ का अवार्ड जीतकर स्कूल ने अपनी पहचान बनाई है। स्कूल की प्रधानाचार्या स्मृति भल्ला भी इस सत्र में मौजूद रहीं। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और जीवन में हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनके बेहतरीन नेतृत्व में स्कूल बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए नए नए अवसर दे रहा है।  सत्र का समापन विद्यार्थियों के सवालों और फाइलफॉट इंस्टीट्यूट’ के संस्थापक एवं निदेशक चरण कमल सिंह उपस्थित द्वारा दिए गए जवाबों के साथ हुआ। छात्रों और अभिभावकों ने स्कूल द्वारा आयोजित इस ज्ञानवर्धक और प्रेरक सत्र की बहुत तारीफ की।

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘फ्री प्लास्टिक बैग डे’ पर दिया महत्वपूर्ण संदेश

मोगा, 3 जुलाई (मुनीश जिन्दल)  दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में वन महोत्सव सप्ताह के दूसरे दिन ‘फ्री प्लास्टिक बैग डे’ बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित करना था।  स्कूल की प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने बताया कि इस मौके पर विद्यालय में अखबार से पेपर बैग बनाने की गतिविधि का आयोजन किया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने पुराने समाचार पत्रों का रचनात्मक उपयोग करते हुए सुंदर एवं उपयोगी पेपर बैग तैयार किए। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने सीखा कि किस प्रकार बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का पुनः उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। विद्यार्थियों ने विभिन्न स्लोगनों और संदेशों के माध्यम से सभी को “प्लास्टिक बैग का प्रयोग बंद करें, पर्यावरण बचाएँ”, “कागज़ के थैले अपनाएं, प्रकृति को बचाना” तथा “स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें” का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। यह गतिविधि विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली सिद्ध हुई। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया तथा उन्हें पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। 

DN मॉडल स्कूल ने होनहार विद्यार्थियों को किया सम्मानित : प्रिंसिपल सोनिया 

मोगा 23 मई (मुनीश जिन्दल)  शहर की प्राचीन एवं प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था डी.एन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की तरफ से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का लोहा मनवाते हुए शानदार और ऐतिहासिक परीक्षा परिणाम हासिल किया है। सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परिणामों में स्कूल का परिणाम शत प्रतिशत रहा।  मीडिया को जानकारी देते हुए स्कूल की जीव विज्ञान की अध्यापिका अमनदीप बेदी, PHE की अध्यापिका रेनू बाला और हिंदी की अध्यापिका ज्योति सूद ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा में भाग लेने वाले सभी 181 विद्यार्थियों ने शानदार सफलता प्राप्त की। शैक्षणिक रिकॉर्ड तोड़ते हुए महक और कशिश ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार मुदित सूद ने 98 प्रतिशतअंकों के साथ दूसरा और सिफत कौर बराड़ ने 97.4 प्रतिशतअंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। उन्होंने बताया कि स्कूल के कुल 57 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए, जिनमें से 17 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक प्राप्त किए। पंजाबी विषय में 5, आईटी में 9, ब्यूटी एंड वेलनेस में 3, अंग्रेजी में 2 और सामाजिक विज्ञान में 1 छात्र ने पूरे 100 में से 100 अंक हासिल किए। इसके अलावा विभिन्न विषयों, जैसे पंजाबी में 87, आईटी में 58, हिंदी में 51, अंग्रेजी में 44, सामाजिक विज्ञान में 38, ब्यूटी एंड वेलनेस में 23, गणित में 22, विज्ञान में 17, फूड प्रोडक्शन में 9 तथा बैंकिंग एंड इंश्योरेंस में 2 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक बटोरे।  इसी क्रम में कक्षा 12वीं के घोषित परिणामों में भी विद्यालय के कुल 234 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें कॉमर्स स्ट्रीम से 137 तथा साइंस स्ट्रीम से 97 विद्यार्थी शामिल थे। कॉमर्स स्ट्रीम में आर्यन अरोड़ा ने 98.2 प्रतिशत अंक लेकर पहला, कनव जिंदल ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा और तनवी मित्तल ने 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि साइंस स्ट्रीम में लवीना ने 95.8 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान पाया, जबकि रेहान गर्ग 94.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और अमानत कौर 92.8 प्रतिशत अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहीं। कक्षा 12वीं के कुल 31 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 54 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विषयवार बेहतरीन प्रदर्शन के अंतर्गत अंग्रेजी, अकाउंटेंसी (3 छात्र), संगीत (3 छात्र), पंजाबी (4 छात्र) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (6 छात्र) में विद्यार्थियों ने शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके साथ ही बिजनेस स्टडी, इकोनॉमिक्स, बायोलॉजी में सर्वोच्च 99 अंक, गणित व पेंटिंग में 98 अंक और होम साइंस व फिजिक्स में 97 अंक हासिल कर विद्यार्थियों ने स्कूल का नाम रोशन किया। 12वीं कक्षा में अंग्रेजी विषय में 75, बिज़नेस स्टडीज में 34, संगीत में 23, AI में 21, पंजाबी में 19, अकाउंटेंसी में 18, इकोनॉमिक्स में 18, शारीरिक शिक्षा में 18 और फाइन आर्ट्स में 10 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए। स्कूल के सभी होनहार एवं प्रतिभाशाली छात्रों का स्कूल मैनेजमेंट के अध्यक्ष तुषार गोयल एवं प्रिंसिपल सोनिया कलसी की अगुवाई में विशेष रूप से सम्मान किया गया, जिसमें सभी छात्रों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर तालियों की गूँज ने विद्यार्थियों की प्रतिभा के सम्मान को और अधिक बढ़ा दिया। विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व और गौरवमयी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष तुषार गोयल, सचिव अश्विनी शर्मा, योगेश ठाकुर, अविनाश गुप्ता, कपिल सूद, तथा डॉक्टर राकेश गांधी ने सभी होनहार छात्रों को हार्दिक बधाई दी। समागम में मुख्य अतिथि रमनीक सूद ने छात्रों को बधाई देते हुए छात्रों की प्रतिभा एवं अध्यापकों की मेहनत को बधाई दी। इसके इलावा शहर के अन्य गणमान्य व्यक्ति अंकुर प्रताप, साहिल गोयल, दीप बंसल, साहिल सिंगल, नवनीत गुप्ता, सिमरन तूर,चंदन गोयल, ईशान सिंगला भी छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए मौजूद  रहे।  तुषार गोयल एवं प्रिंसिपल सोनिया कलसी ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के कड़े अनुशासन, माता पिता के विश्वास और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को इस बड़ी सफलता पर बधाई देते हुए शिक्षकों के समर्पण, अनुशासन और अथक परिश्रम के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्र यह सम्मान पाकर जहां गदगद एवं उत्साहित नजर आए वही छात्रों ने कविता के माध्यम से स्कूल की गलियों, स्कूल के अध्यापकों, स्कूल की कक्षा एवं स्कूल के सहपाठियों सहित बिताए पलों को साझा किया। 

अध्यापक जत्थेबंदियों ने किया DC कार्यालय का घेराव, जानें वजह 

मोगा 21 मई (मुनीश जिन्दल)  आईए, पहले आप एक नजर जरा इस वीडियो पर डाल लें :  ये दुखद नजारा है DC कार्यालय मोगा का जहां विभिन्न अध्यापक जत्थेबंदियों की और से अपनी मांगों को लेकर व् स्थानीय प्रशासन के अड़ियल रवैये के खिलाफ DC कार्यालय का घेराव किया गया है, जिसके पश्चात प्रदर्शनकारियों ने जिला सचिवालय के भीतर DC व पंजाब सरकार के मुर्दाबाद के नारे लगाए।  मीडिया के रूबरू अध्यापक नेताओं ने अपने प्रदर्शन संबंधी जानकारी देते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द प्रशासन ने उनकी मांगों की और ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में उनका ये संघर्ष उग्र रूप धारण कर सकता है।  BALJINDER DHALIWAL DIGVIJAY PAL SHARMA

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल ने नन्हे मुन्नो को “गुड टच एवं बैड टच” प्रति किया जागरूक 

मोगा, 16 मई (मुनीश जिन्दल) दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में किंडरगार्टन विद्यार्थियों के लिए “गुड टच एवं बैड टच” जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। ये जानकारी स्कूल की प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने मीडिया कर्मियों से साझा की। उन्होंने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य नन्हे विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा एवं शरीर की सीमाओं के प्रति जागरूक करना था। यह गतिविधि विद्यालय के स्टाफ द्वारा अत्यंत रोचक एवं संवादात्मक तरीके से आयोजित की गई, जिसमें प्रदर्शन हेतु मैनेक्विन (डमी मॉडल) का उपयोग किया गया। शिक्षकों ने सरल भाषा, अभिनय, संकेतों एवं उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श संबंधी आयु अनुरूप जानकारी दी। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि यदि कभी कोई परिस्थिति उन्हें असहज महसूस कराए तो वे तुरंत “ना” कहें और अपने माता-पिता, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने आगे बताया कि नन्हे विद्यार्थियों ने गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न प्रश्नों एवं प्रदर्शनों के माध्यम से अपनी समझ व्यक्त की। इस गतिविधि ने बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने एवं खुलकर अपनी बात रखने की भावना को भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपने स्कूल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। सही जानकारी एवं जागरूकता बच्चों को सुरक्षित एवं आत्मविश्वासी बनने में सहायता करती है। इस प्रकार की गतिविधियां, बच्चों में आत्म-सुरक्षा के कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।  गतिविधि का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ, जहाँ विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। 

DN मॉडल स्कूल का वार्षिक परिणाम घोषित, विद्यार्थियों, अध्यापकों व अभिभावकों को बधाई : सोनिया कलसी 

मोगा 25 मार्च (मुनीश जिन्दल)  डी.एन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जो कि शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट शैक्षिक गुणवत्ता और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव अग्रणी रहा है, ने इस वर्ष भी अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान की है। जिसके चलते प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यार्थियों ने बेहतरीन अंक लाकर अपना, अपने स्कूल का व अभिभावकों का नाम रोशन किया है।  ये जानकारी मीडिया कर्मियों से स्कूल की हिंदी की अध्यापिका ज्योति सूद व जीव विज्ञान की अध्यापिका व परीक्षा कक्ष की हैड अमनदीप बेदी ने साझा की। इस मौके पर उनके साथ अध्यापिका रेनू बाला मकोल भी उपस्थित थी। DN मॉडल स्कूल की प्रबंधन कमेटी, प्रिंसिपल सोनिया व अध्यापक, उत्तीर्ण आने वाले विद्यार्थियों के साथ।  इस मौके पर स्कूल की प्रिंसिपल सोनिया कलसी ने बताया कि विद्यालय में न केवल पढ़ाई का स्तर उच्च है, बल्कि विद्यार्थियों को विभिन्न सह शैक्षिक गतिविधियों और कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भी निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में दो दिनों तक लगातार वार्षिक परिणाम घोषित किए गए, जिसमें सभी कक्षाओं के नतीजे घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों सहित उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेधावी छात्रों को जहां मेडल प्रदान किए गए, वहीं जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति वर्ष भर सर्वाधिक रही, उन्हें भी विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रिंसिपल सोनिया ने बताया कि इस वर्ष स्कूल ने  विद्यार्थियों को होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड प्रदान किए गए, जिनके माध्यम से उन्हें पूरे वर्ष में उनकी शैक्षणिक और सह शैक्षिक गतिविधियों में प्रदर्शन का समग्र मूल्यांकन और ग्रेड की जानकारी मिली। यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को दर्शाती है। प्रिंसिपल सोनिया कलसी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के परिश्रम की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्कूल में इस प्रकार का आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल उनके परिश्रम का सम्मान है, बल्कि भविष्य में उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देने वाला एक मील पत्थर भी है।  इस मौके पर स्कूल में एक साधारण लेकिन प्रभावशाली समागम का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूल की प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष तुषार गोयल तथा अन्य सदस्यों ने छात्रों को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, उन्होंने विद्यालय के वार्षिक कैलेंडर का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर स्कूल प्रशासन द्वारा घोषित परिणामों के मुताबिक़ प्रथम स्थान पर ‘आकाश हाउस’ रहा, जिसके इंचार्ज अध्यापिका कपिला गुगनानी एवं अरविंद सूद हैं। जबकि द्वितीय स्थान पर ‘जल हाउस’ रहा, जिसके इंचार्ज ज्योति सूद एवं वंदना गर्ग हैं। इन दोनों हाउसों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित 

मोगा 7 मार्च (मुनीश जिन्दल)  दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मोगा में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल की सभी महिला शिक्षिकाओं के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं के लिए कई मनोरंजक गतिविधियाँ और खेल आयोजित किए गए, जिनमें सभी ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने महिला शिक्षिकाओं के समर्पण, मेहनत और शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने अपने संबोधन में शिक्षिकाओं को प्रेरित किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएँ समाज और शिक्षा के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और उनका योगदान अमूल्य है। कार्यक्रम के दौरान महिला शिक्षिकाओं के साथ मिलकर केक काटा गया और उन्हें उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर सभी ने मिलकर महिला दिवस की खुशियाँ साझा कीं और एक दूसरे को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का समापन खुशी और उत्साह के माहौल में हुआ। सभी शिक्षिकाओं ने इस आयोजन का आनंद लिया और विद्यालय प्रबंधन का धन्यवाद किया।
error: Content is protected !!