logo

mogatodaynews

administrator

ऑपरेशन प्रहार 3 के सफल आगाज के बाद IG फरीदकोट रेंज IPS नीलांबरी जगदले ने किए अहम खुलासे

मोगा 4 जुलाई, (मुनीश जिन्दल/ अशोक मौर्य)  गैंगस्टरों व संगठित अपराधियों की पहचान करके उनके नेटवर्क को तोड़ने, नशा तस्करी रोकने, गैर कानूनी हथियारों की तस्करी रोकने, भगोड़े दोषियों व अलग अलग मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से फरीदकोट रेंज, जिसमें कि जिला मोगा, श्री मुक्तसर साहिब व फरीदकोट जिले आते हैं, में 1295 पुलिस मुलाजिमों व अधिकारियों के सहयोग से ‘ऑपरेशन प्रहार 3’ का आगाज किया गया। फरीदकोट रेंज की आईजी आईपीएस नीलांबरी जगदले की अगुवाई में चलाए गए इस ऑपरेशन प्रहार में तीनों जिलों में कुल 436 स्थान पर रेड कर वहां से बड़ी संख्या में हीरोइन, नशीले कैप्सूल, पोप्पी हस्क, ड्रग मनी सहित अन्य पाबंदी शुदा सामान बरामद किया गया है। जिस संबंधी आईजी फरीदकोट रेंज आईपीएस नीलांबरी जगदले ने मोगा में मीडिया कर्मियों से जानकारी साझा की। 

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘फ्री प्लास्टिक बैग डे’ पर दिया महत्वपूर्ण संदेश

मोगा, 3 जुलाई (मुनीश जिन्दल)  दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में वन महोत्सव सप्ताह के दूसरे दिन ‘फ्री प्लास्टिक बैग डे’ बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित करना था।  स्कूल की प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने बताया कि इस मौके पर विद्यालय में अखबार से पेपर बैग बनाने की गतिविधि का आयोजन किया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने पुराने समाचार पत्रों का रचनात्मक उपयोग करते हुए सुंदर एवं उपयोगी पेपर बैग तैयार किए। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने सीखा कि किस प्रकार बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का पुनः उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। विद्यार्थियों ने विभिन्न स्लोगनों और संदेशों के माध्यम से सभी को “प्लास्टिक बैग का प्रयोग बंद करें, पर्यावरण बचाएँ”, “कागज़ के थैले अपनाएं, प्रकृति को बचाना” तथा “स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें” का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। यह गतिविधि विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली सिद्ध हुई। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया तथा उन्हें पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। 

आधी रात को DJ बंद कराने गई पुलिस पार्टी पर ईंट पत्थरों से हमला, एक जख्मी 

मोगा 30 जून, (मुनीश जिन्दल)   रात्रि 1 बजे डीजे बंद करवाने गई पुलिस पार्टी पर कुछ लोगों ने हमला किया है। घटना शहर के कोटकपूरा रोड की 28 व 29 की दरम्यानी रात की है। दरअसल एक व्यक्ति द्वारा रात को 1:00 बजे 112 पर कॉल की गई थी कि उसके पड़ोसी आधी रात को ऊंची आवाज में DJ चलाकर हुड़दंग मचा रहे हैं। और जब मौके पर पीसीआर टीम पहुंची तो डीजे का आनंद ले रहे लोगों ने पुलिस पार्टी पर ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में पीसीआर के हवलदार सूबा सिंह को गंभीर चोटें आई।  पुलिस द्वारा इस संबंधी क्या कार्रवाई की गई, DSP सिटी जतिंदर सिंह गिल ने मीडियाकर्मियों से जानकारी साझा की।  PPS JATINDER SINGH GILL, DSP CITY

भाजपा, महिला सशक्तिकरण की और अग्रसर, पल्लवी को बनाया मोगा शहरी इंचार्ज 

मोगा 18 जून, (मुनीश जिन्दल)  भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय अनेक महिलाओं को पार्टी में शामिल कर उनका स्वागत किया। पार्टी में शामिल हुई महिलाओं में पल्लवी, रितु, कुसुम और रीमा प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस अवसर पर जिला महासचिव शमशेर सिंह, जिला उपाध्यक्ष गीता आर्या, जिला सचिव मालविंदर कौर, जिला सचिव लीला गोयल, जिला सचिव शिल्पा बांसल आदि भी उपस्थित थे। भाजपा नेतृत्व ने विश्वास जताया कि ये महिलाएं अपने सामाजिक अनुभव और जनसेवा के जज्बे के बल पर संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगी।  इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय पल्लवी को मोगा शहर भाजपा का इंचार्ज नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी संगठन का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है और भाजपा महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।  इधर नवनियुक्त इंचार्ज पल्लवी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अन्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर महिलाओं को संगठित करने, उन्हें सामाजिक और राजनीतिक रूप से जागरूक बनाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को भाजपा से जोड़ने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और भाजपा महिलाओं को सम्मान व नेतृत्व के पर्याप्त अवसर प्रदान कर रही है। भाजपा नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

मोगा को मिला 5वां मेयर, सर्वसम्मति से हुई उनकी ताजपोशी, मिलिए शहर की नई मेयर से 

मोगा 11 जून, (मुनीश जिन्दल/ अशोक मौर्या)  पिछले कुछ दिनों से मोगा नगर निगम के मेयर पद को लेकर चल रही अटकलों को वीरवार को उस समय विराम लग गया, जब नवनियुक्त पार्षदों की हुई पहली बैठक में सर्वसम्मति से मोगा शहर के पांचवें मेयर को चुन लिया गया। इस बार मेयर का यह ताज वार्ड नंबर 8 से आम आदमी पार्टी की टिकट से पार्षद बनी विनय पाल कौर के सिर पर सजा है। यह सारी कार्रवाई राज्य के कैबिनेट मंत्री तरुण प्रीत सिंह सौंध की निगरानी में हुई। जबकि विधानसभा हल्का मोगा की विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा सहित जिले के अन्य विधायक भी इस मौके पर मौजूद रहे। जैसे ही बैठक के बाद विनय पाल कौर के नाम पर मेयर की मोर लगी, तो उनके जानने वालों की खुशी का कोई ठिकाना ना रहा व उन्होंने ढोल की थाप पर नवनियुक्त मेयर विनय पाल कौर का गर्म जोशी से स्वागत किया। जिसके बाद नवनियुक्त मेयर विनयपाल कौर, विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा अपने समर्थकों सहित एक जीप में सवार होकर एक जुलूस की शक्ल में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय से रवाना हो गए।  इस मौके पर जहां विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा मीडिया के रूबरू हुई, वहीं नवनियुक्त मेयर विनयपाल कौर ने भी भगवान का शुक्रिया अदा किया।  DR. AMANDEEP KAUR ARORA (MLA MOGA) VINAYPAL KAUR (MAYOR MOGA)

पॉश कालोनी में ‘डॉग लवर्स’ व ‘डॉग अफेक्टेड’ हुए आमने सामने, जमकर दी गालियां व चले घूंसे, देखें मौके की वीडियो

मोगा/ जालंधर 9 जून, (मुनीश जिन्दल)  एक पॉश कालोनी में डॉग लवर्स व डॉग अफेक्टेड आमने सामने हुए हैं।  घटनाक्रम के अनुसार पहले कालोनी में कुत्तों का आतंक हुआ, जिसके बाद कुत्तों के मालिकों की गुंडागर्दी के कारण पूरी कॉलोनी में तनाव का माहौल बन गया है। कॉलोनी के निवासियों का आरोप है कि कुछ लोगों ने अपने घरों में कुत्ते पाल रखे हैं और उन्हें खुला छोड़ देते हैं, जिसके कारण हाल ही में छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर हमला भी हुआ था। जब कालोनी वासियों ने इस पर आपत्ति जताई और शांतिपूर्वक बात करनी चाही, तो कुत्ता मालिकों ने कथित तौर पर बाहर से अज्ञात लोग बुलाकर पूरी कॉलोनी में महिलाओं व बुजुर्गों के साथ  गाली गलौज करते हुए मारपीट की। फिलहाल आप मौके की इन कुछ वीडियो पर एक नजर डाल लें।  साथियों फिलहाल ये घटना जिला जालंधर के गांव लाबड़ा में स्थित वडाला की रॉयल कॉलोनी में घटित हुई है। इस घटना से सहमे कालोनी वासियों ने लांबड़ा थाना के प्रभारी को लिखित शिकायत सौंप कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के साथ साथ कुत्तों को वहां से हटाने की मांग की है। अब पुलिस, कुत्ता अफेक्टेड लोगों को न्याय दिला पाएगी या नहीं, ये तो आने वाला समय ही तय करेगा, लेकिन ऐसा हाल तकरीबन समूचे राज्य का है। क्यूंकि कुत्ता पालने के शौकीन लोग ना तो नगर निगम के पास अपने कुत्तों का पंजीकरण करवाते हैं व न ही कुत्तों को घुमाते वक्त उनकी ‘पोटी’ को सड़क के बीच से उठाते हैं, जिसके कारण हमेशां अनेक बीमारियों का खदशा बना रहता है। 

निजी स्कूलों की फीस पर नियंत्रण हेतु सख्त कानून बनाने के निर्णय प्रशंसनीय : प्रीत कमल 

मोगा 08 जून, (मुनीश जिन्दल) प्रीत कमल संधू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य के निजी स्कूलों की फीस संरचना को नियंत्रित करने हेतु सख्त कानून/ अधिनियम बनाने के निर्णय का हार्दिक स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मान का धन्यवाद किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान प्रीत कमल ने कहा कि पिछले कई वर्षों से अभिभावक निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि, विभिन्न प्रकार के अतिरिक्त शुल्कों तथा वित्तीय पारदर्शिता की कमी से परेशान होते आ रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा उठाया गया यह कदम लाखों अभिभावकों और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने वाला ऐतिहासिक निर्णय सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि वे अपने सहयोगी, सेवानिवृत्त IRS VK गुप्ता के साथ मिलकर निजी स्कूलों में वित्तीय अनियमितताओं, आंतरिक लेखा परीक्षण (Internal Audit) न होने संबंधी विभिन्न मुद्दों को मुख्यमंत्री पंजाब एवं पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों के समक्ष उठाती रही हैं।  प्रीत कमल संधू ने मुख्यमंत्री मान से यह भी अनुरोध किया है कि राज्य के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या (Student Load) का निर्धारण संबंधित क्षेत्र की जनसंख्या घनत्व, स्कूल परिसर के वास्तविक प्लॉट आकार तथा पहुंच मार्गों (Approach Roads) की चौड़ाई के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि अनेक स्कूल भवन क्षमता एवं सुरक्षा मानकों से कहीं अधिक संख्या में विद्यार्थियों को प्रवेश दे रहे हैं, जिससे आग, भूकंप अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने आगे मांग की कि राज्य के मुख्यमंत्री सभी निजी स्कूलों की मान्यता की जांच करने के साथ साथ फीस संरचना की जांच को यकीनी बनाएं। 

SSP चाहल एक्शन मोड में, 14 दिन, 64 मुकदमे, 78 आरोपी गिरफ्तार

मोगा, 06 जून (मुनीश जिन्दल)  IPS सरताज सिंह चहल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोगा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस मोगा द्वारा “युद्ध नशों के विरुद्ध” तथा “पिंडां दे पहरेदार” अभियान के तहत 23 मई 5 जून तक कार्रवाई करते हुए कुल 57 मुकदमे दर्ज किए गए तथा 69 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1.650 ग्राम हेरोइन, 1.500 किलोग्राम अफीम, 627 नशीली गोलियां तथा 41,400 रुपये ड्रग मनी बरामद की गई। इसके इलावा शराब का अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध 06 मुकदमे दर्ज कर 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 393.000 लीटर ठेका शराब, 7.500 लीटर अवैध शराब, 330.000 लीटर लाहन तथा 01 चालू भट्ठी बरामद की गई। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत 01 मुकदमा दर्ज कर 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 01 पिस्तौल, 01 मैगजीन तथा 02 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त इस अवधि के दौरान 04 घोषित अपराधियों (PO) को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 03 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 01 स्विफ्ट कार की बैटरी, 02 मोटरसाइकिल तथा 4,000 रुपये नकद बरामद किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चाहल ने लोगों से भी नशा विरोधी अभियान में सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में पंचायतों, खेल क्लबों तथा सम्मानित व्यक्तियों के साथ बैठकें और संपर्क कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता को जागरूक किया जा रहा है। इस अवधि के दौरान विभिन्न गजटेड अधिकारियों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गांवों और शहरों में आम जनता के साथ 105 सेमिनार एवं बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही आम जनता को नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके।

माननीय जजों ने ज्यूडिशल कोर्ट कांप्लेक्स में पौधारोपण कर मनाया ‘विश्व पर्यावरण दिवस’

मोगा, 6 जून (मुनीश जिन्दल)  माननीय जिला एवं सेशन जज कम चेयरपर्सन, जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी मोगा नीलम अरोड़ा के नेतृत्व में “विश्व पर्यावरण दिवस” मनाते हुए जुडिशल कोर्ट कांप्लेक्स मोगा में सेशन डिवीजन मोगा के माननीय जजों द्वारा पौधे लगाए गए। जजों के अतिरिक्त जिला अटॉर्नी मोगा तथा बार एसोसिएशन मोगा के अध्यक्ष एवं सचिव द्वारा भी पौधरोपण किया गया। जिला एवं सेशन जज कम चेयरपर्सन, जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी मोगा नीलम अरोड़ा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधे लगाने का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखना तथा बढ़ते प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाव करना है। इसके अलावा उन्होंने लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रदूषणों के प्रति भी जागरूक किया तथा विशेष रूप से प्लास्टिक सामग्री के अत्यधिक उपयोग से होने वाले प्रदूषण को रोकने पर बल दिया। इस अवसर पर माननीय एडिशनल जिला एवं सेशन जज बिशन स्वरूप, माननीय एडिशनल जिला एवं सेशन जज मुनीश अरोड़ा, प्रधान जज पारिवारिक न्यायालय, रवि इंद्र कौर संधू, माननीय सिविल जज, सीनियर डिवीजन पुष्पा रानी, माननीय चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ममता कक्कड़, माननीय CJM सहसचिव जिला कानूनी सेवा अथॉरिटी सिमरन सिंह तथा सभी सिविल जज कम जुडिशल मजिस्ट्रेट, सेशन डिवीजन के सुपरिंटेंडेंट गुरिंदर सिंह, जिला अटॉर्नी नीलम पाठक, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह, बार एसोसिएशन के सचिव राजीव मित्तल आदि उपस्थित थे। 

प्रतिदिन लगती है स्थायी लोक अदालत, मामला दायर करना अत्यंत सरल :  जिला एवं सेशन जज नीलम अरोड़ा

मोगा, 4 जून (मुनीश जिन्दल)  माननीय जिला एवं सेशन जज कम चेयरपर्सन, नीलम अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि कानूनी  सेवाएं अथॉरिटी (अमेंडमेंट एक्ट) 2022  के अनुसार मोगा में जिला स्तर पर ‘स्थायी लोक अदालत’ (जन उपयोगी सेवाएं), कार्यरत है। यह डॉ. अंबेडकर भवन, जिला प्रबंधकीय कंपलेक्स में स्थित है और प्रत्येक कामकाज वाले दिन पर कार्य करती है। उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत (जन उपयोगी सेवाएं) में बिजली सेवाएं, पानी की आपूर्ति एवं सीवरेज विभाग से संबंधित मामले, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण या स्वच्छता संबंधी विवाद, डाक, टेलीग्राफ एवं टेलीफोन विभाग से जुड़े मामले, अस्पतालों एवं डिस्पेंसरियों की सेवाएं, परिवहन सेवाएं, बैंकिंग, आवास, वित्तीय सेवाएं, शिक्षा प्रदान करने एवं उससे जुड़े मामले, वीजा सेवाएं, एलपीजी के नए कनेक्शन, आपूर्ति एवं रिफिलिंग से संबंधित मामले, आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र तथा बीपीएल कार्ड जारी करने से जुड़े मामले, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, शगुन योजना संबंधी सेवाएं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रेशन, विवाह रजिस्ट्रेशन, मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत वाहन रजिस्ट्रेशन एवं ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने संबंधी सेवाएं तथा बीमा कंपनियों से जुड़े मामलों के केस दायर किए जा सकते हैं। इन मामलों की सुनवाई स्थायी लोक अदालत की पीठ द्वारा की जाती है। जिला एवं सेशन जज ने बताया कि इस अदालत में एक अध्यक्ष होता है, जो सेवानिवृत्त जिला एवं सेशन जज होता है, तथा दो सदस्य होते हैं। उन्होंने कहा कि स्थायी लोक अदालत (जन उपयोगी सेवाएं), मोगा में मामला दायर करने की प्रक्रिया अत्यंत सरल है। उपरोक्त सेवाओं से संबंधित ऐसे विवाद, शिकायतें या मामले, जो किसी अन्य अदालत में लंबित नहीं हैं, उनके संबंध में साधारण कागज पर आवेदन लिखकर स्थायी लोक अदालत (जन उपयोगी सेवाएं), मोगा के अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है। इस अदालत में *एक करोड़ रुपये तक* के विवाद या मामले प्रस्तुत किए जा सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि स्थायी लोक अदालत (जन उपयोगी सेवाएं), मोगा में शीघ्र न्याय प्राप्त होता है। इसके निर्णय को दीवानी न्यायालय की डिग्री के समान मान्यता प्राप्त है तथा मामला दायर करने के लिए कोई शुल्क भी नहीं लिया जाता। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे स्थायी लोक अदालत (जन उपयोगी सेवाएं), मोगा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। 
error: Content is protected !!