
मोगा, 17 अक्तूबर (मुनीश जिन्दल)
पंजाब सरकार ने दीपावली के त्यौहार को लेकर मोगा नगर निगम में फायर बिग्रेड को दो नई गाड़ियां दी हैं। जिसको शुक्रवार को विधायक डा. अमनदीप कौर अरोड़ा ने नगर निगम से हरी झंडी देकर रवाना किया। इस मौके पर हलका विधायक डा. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि वे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान व निकाय मंत्री डा. रवजोत सिंह सहित समूची लीडरशिप का धन्यवाद करती हैं कि मोगा नगर निगम को पंजाब सरकार द्वारा फायर बिग्रेड की गाड़ियां मुहैया करवाई गई हैं, जिसमें एक बड़ी गाड़ी और एक छोटी गाड़ी शामिल है। उन्होंने बताया कि गाड़ियों के साथ सेफ्टी किट भी मुहैया करवाई गई है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के पास पहले ही पांच गाड़ियां थी और इनकी संख्या बढ़कर सात हो गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम मोगा के पास दो फायर स्टेशन मौजूद हैं जो एक नगर निगम मोगा तथा दूसरा बस स्टैंड के नजदीक तथा फोकल प्वाइंट के नजदीक बनाया गया है, जो किसी भी प्रकार की घटना पर काबू पाने के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि छोटी गाड़ियां भी मौजूद हैं जो भीड़ भाड़ व तंग गलियों के लिए सुविधाओं से लैस हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली के मद्देनजर और धान की कटाई के दौरान आगजनी की घटना पर काबू पाने के लिए मोगा में चार प्वाइंट बनाए गए हैं।
इस मौके पर फायर बिग्रेड अधिकारी ने कहा कि 19, 20 व 21 अक्टूबर को भी 35-40 कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इस मौके पर नगर निगम के मेयर बलजीत सिंह चानी, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण शर्मा, डिप्टी मेयर अशोक धमीजा, नगर निगम के पार्षद, फायर बिग्रेड के अधिकारी व आम आदमी पार्टी के वालंटियर मौजूद थे।

