
बाघापुराना (मोगा) 14 दिसंबर, (रिक्की आनन्द)
पंजाब में आज हो रहे जिला परिषद व ब्लाक समिति चुनावों के मध्य एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। जिसमें रविवार सुबह धुंध गहरी होने की वजह से एक अध्यापक जोड़े की कार अनियंत्रित होकर एक बड़े नाले में गिर गई। जिसमें पति पत्नी दोनों की मौत हो गई। मृतक दोनों पति पत्नी जिले में ही तैनात थे। इस दुखद दुर्घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया है, इन मृतकों के जानने वालों सहित अध्यापक वर्ग में ख़ासा शोक है।

मिली जानकारी के मुताबिक अध्यापक कर्मजीत कौर की ड्यूटी जिले के ही गांव माड़ी मुस्तफा में लगी थी। उसका अध्यापक पति जसकरण सिंह उसे कार में छोड़ने जा रहा था कि धूरकोट रणसींह से गांव माड़ी मुस्तफा जाते वक्त धुंध गहरी होने की वजह से एक मोड़ पर उनकी कार सीधा एक बड़े नाले में जा गिरी। जिसके बाद जब कुछ लोगों ने कार को देखा तो पति-पत्नी को निकाल कर बाघा पुराना के अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक जसकरण सिंह जिले के गांव खोटे में जबकि उसकी मृतक पत्नी करमजीत गांव पत्तों हीरा सिंह में बतौर अध्यापक तैनात थे।

