
मोगा, 7 मार्च (मुनीश जिन्दल)
‘आप’ की भगवंत मान सरकार पंजाब की महिलाओं से किया एक हजार रुपए मासिक सहायता का वादा 8 मार्च को पूरा करने जा रही है। इसकी औपचारिक घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा की जाएगी। यह जानकारी विधानसभा हल्का मोगा से विधायक और ‘आप’ महिला विंग पंजाब की प्रधान डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी।

विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि बहनों को हर महीने एक हजार रुपए देने का आखिरी बड़ा वादा भी 8 मार्च से पूरा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क सुरक्षा फोर्स (एस.एस.एफ) का गठन, हर परिवार के लिए 10 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की योजना, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और खेतों के आखिरी छोर तक नहरी पानी पहुंचाने जैसे बड़े काम पहले से किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पंजाब के लोगों से किए जा रहे एक एक वायदे को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें किसी प्रकार की समस्या पेश आती है तो उनके ध्यान में लाई जाए, ताकि उसका पहल के आधार पर हल करवाया जा सके।

