
मोगा, 30 मार्च (मुनीश जिन्दल)
पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा है कि कुछ किसान संगठनों द्वारा पंजाब के मंत्रियों और विधायकों के घरों के घेराव के आह्वान का वे स्वागत करते हैं। लेकिन उन्होंने किसानों को यह भी स्पष्ट किया कि अगर उन्होंने सड़क यातायात रोककर, राज्य के लोगों को परेशान किया, तो पंजाब सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। वह आज स्थानीय नगर सुधार ट्रस्ट के नव नियुक्त चेयरमैन रमन मित्तल और दो अन्य ट्रस्टी जगदीश शर्मा और प्यारा सिंह के पदभार ग्रहण समारोह में विशेष रूप से शामिल होने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दों का पंजाब सरकार से सीधा कोई संबंध नहीं है। ये सभी मुद्दे केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। पंजाब सरकार हमेशा किसानों और राज्य के लोगों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों को दिन में 8 घंटे से अधिक बिजली, घरों को मुफ्त बिजली और टेल पर पढ़ते खेतों तक निरंतर पानी उपलब्ध करा रही है। पंजाब सरकार के दरवाजे किसानों के लिए हमेशा खुले हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा हाल ही में पेश किया गया बजट “बदलते पंजाब” का रोडमैप प्रस्तुत करता है, जिसके तहत अगले 2 साल विकास को समर्पित किए जाएंगे। विकास कार्यों में कई गुना तेजी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के खात्मे के लिए चलाई गई मुहिम के सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार निवारण, प्रवर्तन और पुनर्वास की तीन स्तरीय नीति पर काम कर रही है, जिसके तहत नशा तस्करों की काली कमाई से बनाई गई संपत्तियों को तोड़ा और जब्त किया जा रहा है। इसके अलावा, स्कूलों, कॉलेजों और गांव स्तर पर नशा विरोधी अभियान के तहत जागरूकता फैलाई जा रही है। अरोड़ा ने यह भी बताया कि नशा छोड़ चुके युवाओं को रोजगार योग्य बनाने और स्वरोज़गार स्थापित करने के उद्देश्य से रोज़गार ब्यूरो द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में पूरी तरह मुफ्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने नव नियुक्त चेयरमैन और ट्रस्टियों से कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए जल्द ही विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव भेजें।
इस मौके पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में हल्का मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, हल्का धर्मकोट के विधायक दविंदरजीत सिंह लाड़ी, हल्का निहाल सिंह वाला के विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर, हल्का बाघापुराना के विधायक अमृतपाल सिंह सुखानंद, डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया, नगर निगम मोगा के मेयर बलजीत सिंह चन्नी, चेयरमैन मार्केट कमेटी हरजिंदर सिंह रोडे, जिला योजना समिति के चेयरमैन हरमनदीप सिंह बराड़, एसपी बाल कृष्ण सिंगला, काउंसलर एवं अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।

