logo

विश्व में, भारत को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में प्रधानमंत्री मोदी की कोशिशें बेमिसाल: डा.सीमांत गर्ग !!

विश्व में, भारत को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में प्रधानमंत्री मोदी की कोशिशें बेमिसाल: डा.सीमांत गर्ग !!

मोगा, 6 अप्रैल (मुनीश जिन्दल)

“भारत को तरक्की के रास्ते पर ले जाने तथा विश्व में भारत को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कोशिशें बेमिसाल हैं तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत का नाम संसार में अग्रणी देशों में दर्ज करवाने में अहम भूमिका निभाई है। जिस कारण आज पूरे संसार में भारत का डंका बज रहा है तथा भारत एक बड़ी ताकत के रूप में उभरा है”। उक्त विचार भाजपा के जिलाध्यक्ष डा. सीमांत गर्ग ने रविवार को भाजपा के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर पुरानी दाना मंडी स्थित भाजपा दफ्तर में आयोजित समागम को संबोधित करते हुए प्रकट किए।

डा.सीमांत गर्ग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है, जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया था। जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए थे। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए। कांग्रेस की एकाधिकार वाली एक दलीय लोकतान्त्रिक व्यवस्था के रूप में जानी जाने वाली भारतीय राजनीति को भारतीय जनता पार्टी ने दो ध्रुवीय बनाकर एक गठबंधन युग के सूत्रपात में अग्रणी भूमिका निभाई है। देश में विकास आधारित राजनीति की नींव भी भाजपा ने विभिन्न राज्यों में सत्ता में आने के बाद तथा पूरे देश में भाजपा नींव राजग शासन के दौरान रखी। आज तीन दशक बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसी एक पार्टी को देश की जनता ने पूर्ण बहुमत दिया है, तथा भारी बहुमत से भाजपा नीत राजग सरकार केन्द्र में विद्यमान है। पूर्व घोषणा के अनुसार 1 मई, 1977 को भारतीय जनसंघ ने करीब 5000 प्रतिनिधियों के एक अधिवेशन में अपना विलय जनता पार्टी में कर दिया। 4 अप्रैल, 1980 को जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति ने अपने सदस्यों के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य होने पर प्रतिबंध लगा दिया। पूर्व के भारतीय जनसंघ से संबद्ध सदस्यों ने इसका विरोध किया और जनता पार्टी से अलग होकर 6 अप्रैल, 1980 को एक नए संगठन ह्यभारतीय जनता पार्टी की घोषणा की।

तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी ने सोमनाथ से अयोध्या तक के लिए रथयात्रा शुरू की। राम मंदिर आन्दोलन को मिले भारी जनसमर्थन एवं भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर आडवाणी की रथयात्रा को बीच में ही रोक दिया गया। अटल बिहारी के नेतृत्व में विकास के अनेक नये प्रतिमान स्थापित किये। पोखरण परमाणु विस्फोट, अग्नि मिसाइल का सफल प्रक्षेपण, कारगिल विजय जैसी सफलताओं से भारत का कद, अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर ऊंचा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य में नई पहल एवं प्रयोग, कृषि, विज्ञान एवं उद्योग के क्षेत्रों में तीव्र विकास के साथ साथ महंगाई न बढ़ने देने जैसी अनेकों उपलब्धियां, इस सरकार के खाते में दर्ज हैं। प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में राजग शासन ने देश में विकास की एक नई राजनीति का सूत्रपात किया। 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनी, जो आज सबका साथ, सबका विकास की उद्घोषणा के साथ गौरव सम्पन्न भारत का पुनर्निर्माण कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह  के नेतृत्व में भाजपा लगभग 11 करोड़ सदस्यों वाली विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बन गयी है। 26 मई, 2014 को नरेंद्र दामोदरदास मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कम समय में ही अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। 

उन्होंने विश्व  में भारत की गरिमा को पुन: स्थापित किया। राजनीति पर लोगों के विश्वास को फिर से स्थापित किया। अनेक अभिनव योजनाओं के माध्यम से नए युग की  शुरूआत की। अन्त्योदय, सुशासन, विकास एवं समृद्धि के रास्ते पर देश बढ़ चला है। आर्थिक और सामाजिक सुधार सुरक्षित जीवन जीने का मार्ग उपलब्ध करा रहे हैं। किसानों के लिए ऋण से लेकर खाद तक की नई नीतियां जैसे प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड, आदि ने कृषि के तीव्र विकास की अलख जगायी है। ये नया युग है, सुशासन का। चाहे आदर्श ग्राम योजना हो, स्वच्छता अभियान या फिर योग के सहारे भारत को स्वथ्य बनाने का अभियान, इन सभी कदमों से देश को एक नयी ऊर्जा मिली है। भाजपा की मोदी सरकार ने मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, अमृत मिशन, दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना, डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं से भारत को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाया है। जनधन योजना, बेटी बचाओ, बेटी पढाओ, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी अनेक योजनाएं, देश में एक नयी क्रांति का सूत्रपात कर रही हैं। भाजपा सरकार ने देशवासियों को विश्व की सबसे बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजना का उपहार दिया है। राष्ट्रीय अखण्डता, कश्मीर के भारत में पूर्ण विलय, कबाइली वेश में पाकिस्तानी आक्रमण के  प्रतिकार, परमिट व्यवस्था एवं धारा 370 की समाप्ति व पृथकतावाद से निरन्तर संघर्ष करने वाली एकमात्र पार्टी भारतीय जनसंघ या भाजपा है, अन्यथा  कश्मीर का बचना कठिन था। इस अवसर पर लड्डू वितरण करके 46वां स्थापना दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष डा. सीमांत गर्ग, पूर्व विधायक डा. हरजोत कमल, भाजपा के सीनियर नेता निधड़क सिंह बराड़, जिला महामंत्री मुख्तयार सिंह, महामंत्री विक्की सितारा, युवा मोर्चा के महामंत्री कशिश धमीजा, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शिल्पा बांसल, गीता आर्य, प्रवासी सैल के इंचार्ज विजय मिश्रा, एस.सी. मोर्चा के सूरज भान, मंडल अध्यक्ष अमित गुप्ता, भूपिंदर हैप्पी, अमनदीप ग्रोवर, सुखबीर सिंह, उमाकांत, उपाध्यक्ष सोनी मंगला, पवन गर्ग, कमल घारू, हेमंत सूद, जतिंदर चड्ढा, सुखदीप कौर सुखी, राजेन्द्र गाबा, सुखा सिंह, गुरविंदर काला, तायल के अलावा काफी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!