logo

‘भाविप’ ने माता जगदम्बा के नवरात्रों में, दुर्गा अष्टमी पर, 31 कंजकों का किया पूजन !!

‘भाविप’ ने माता जगदम्बा के नवरात्रों में, दुर्गा अष्टमी पर, 31 कंजकों का किया पूजन !!

मोगा 5 अप्रैल (मुनीश जिन्दल/ अशोक मौर्या)

समाज की प्रमुख समाज सेवी संस्था, भारत विकास परिषद् की मोगा शाखा द्वारा माता जगदम्बा के नवरात्रों में दुर्गा अष्टमी के उपलक्ष्य में 31 कंजकों का पूजन किया गया। स्थानीय डा. हेडगेवार शहीद ओम प्रकाश सर्वहितकारी विद्या मंदिर स्कूल में हुए इस कार्यक्रम में शाखा की महिला सदस्यों के साथ साथ पुरुष सदस्यों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। सर्वप्रथम सदस्यों ने सभी कंजकों के चरण धोए। तत्पश्चात तिलक लगा कर हलवा चने खिलाए। सदस्यों द्वारा इकठ्ठी की गई सहयोग राशी से, सभी कन्यायों को दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली वस्तुएं, भेंट स्वरूप दी गई। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष सुधीर कोहली ने कहा कि अष्टमी तिथि पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप देवी महागौरी की पूजा का विधान है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यह देवी दुर्गा की चंड और मुंड राक्षसों पर विजय का प्रतीक है। छोटी बच्चियों को मां दुर्गा का रूप मान कर अष्टमी पर उनके पूजन की परम्परा लगभग सभी सनातनी परिवारों में पीढ़ियों से चली आ रही है। शाखा सचिव महेश गुप्ता ने इस अवसर पर बताया कि राक्षस महिषासुर के अत्याचार से परेशान होकर देवताओं की विनती पर आज के दिन शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा ने इस भयानक राक्षस का वध करके अपने भक्तों को भयमुक्त किया था। शाखा कोषाध्यक्ष मनमोहन अरोड़ा ने कहा कि ऐसी मान्यता है कि माता रानी के नवरात्रों के इन नौ दिनों में माता दुर्गा स्वयं धरती पर अवतरित होकर, सभी भक्तों के सभी प्रकार के दुःख दर्द दूर करती है। वरिष्ट सदस्य राकेश सचदेवा ने कहा कि नवरात्रों के इन नौ दिनों में भारतीय परिवारों में एक आध्यात्मिक वातावरण बन जाता है और अष्टमी पर कंजक पूजन विशेष महत्व रखता है। इस कार्यक्रम के प्रकल्प प्रमुख और स्कूल के प्रिंसीपल पूनम गोयल ने परिषद् के इस कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में सनातन मान्यताओं के प्रति रुचि बढ़ती है और अच्छे संस्कार आते हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शाखा सदस्यों ने अपनी उपस्थित दर्ज कराई। जिनमे राजिंदर सचदेवा, नीरू अग्रवाल, अंजुम प्रवीण पुरी, सुमन विज, नीलम अरोड़ा, विजय मदान, पूर्व अध्यक्ष आशिमा सचदेवा, पूर्व सचिव कृष्णा कोहली, पुष्पा गुप्ता एवं सुमन कांत विज के अतिरिक्त स्कूल के अध्यापक एवं प्रबंधक कमेटी के सदस्य भी उपस्थित थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!