logo

ग्रेनेड हमला ! भाजपा ने धरना प्रदर्शन कर, फूंके मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों के पुतले !!

ग्रेनेड हमला ! भाजपा ने धरना प्रदर्शन कर, फूंके मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों के पुतले !!

मोगा, 8 अप्रैल (मुनीश जिन्दल)

“पूर्व मंत्री व भाजपा के सीनियर प्रदेश नेता मनोरंजन कालिया के जालंधर स्तिथ घर में गत रात्रि ग्रेनेड हमले होने से पूरे पंजाब में हड़कंप मच गया है। क्योंकि उनके पास पंजाब सरकार की सिक्योरिटी होने के बावजूद भी शरारती तत्वों द्वारा हैंड ग्रेनेड फैंकने से पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था की पोल खुल गई है। इसलिए मुख्यमंत्री भगवंत मान को इस्तीफा दे देना चाहिए। क्योंकि वह पिछले तीन वर्षों से पंजाब की कानून व्यवस्था ठीक करने में नाकामयाब रहे हैं”। उक्त विचार भाजपा के जिलाध्यक्ष डा.सीमांत गर्ग ने आज मोगा के मेन जोगिंदर सिंह चौक में मनोरंजन कालिया के घर में ग्रेनेड फैंकने की घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन करने तथा मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित आम आदमी पार्टी के मंत्रियों का पुतला फूंकने के अवसर पर प्रकट किए। इस अवसर पर पूर्व  विधायक डा. हरजोत कमल, भाजपा के सीनियर नेता निधड़क सिंह बराड़, महामंत्री मुख्तयार सिंह, महामंत्री विक्की सितारा, महामंत्री राहुल गर्ग, जिला उपाध्यक्ष सोनी मंगला, प्रवासी सैल के इंचार्ज विजय मिश्रा, उमाकांत, शशिकांत, मंडल अध्यक्ष अमित गुप्ता, मंडल अध्यक्ष भूपिंदर हैप्पी, सीनियर नेता त्रिलोचन सिंह गिल, आई.टी. सैल के मुकेश शर्मा, युवा मोर्चा के कशिश धमीजा, हेमंत सूद, जतिंदर चड्ढा, सुखा सिंह, सीरा लंडेके, धीरज शर्मा, मनप्रीत  सिंह, मंडल अध्यक्ष धर्मकोट शमशेर सिंह कैला के इलावा बड़ी संख्या में भाजपा के नेता तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ता, धरना प्रदर्शन करते हुए।

डा.सीमांत गर्ग ने कहा कि पूर्व मंत्री  मनोरंजन कालिया के घर में हुए ग्रेनेड धमाके से ये बात साबित हो गई है, कि पंजाब सरकार व पंजाब पुलिस शरारती तत्वों को काबू करने में असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आए दिन लोगों की हत्याएं, दिन दिहाड़े हो रही है तथा फिरौतियों के लिए लोगों को फोन आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां पर मनोरंजन कालिया का घर है, उसके नजदीक ही पुलिस चौकी तथा पुलिस की गश्त भी है। उन्होंने कहा कि शरारती तत्व ई-रिक्शा पर आए तथा हैंड ग्रेनेड फैंककर वापस चले गए। उन्होंने कहा कि हैण्ड ग्रेनेड इतना शक्तिशाली था कि जमीन में गड्ढा हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों, पूजा घरों में बंब धमाके होना तथा बाबा साहिब डा. भीमराव अंबेदकर की मूर्तियों को तोड़ने की घटनाएं दिन प्रतिदिन होना तथा सरकार द्वारा उनको न रोक सकने से साबित हो गया है कि पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मोहाली सहित अनेक पुलिस स्टेशनों पर हमले हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सिक्योरिटी होने के बावजूद भी शरारती तत्वों द्वारा अपने इरादों में कामयाब हो जाने से आम नागरिकों की सुरक्षा राम भरोसे रह गई है। उन्होंने कहा कि यदि जल्दी हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल में न डाला गया, तो भाजपा आने वाले समय में पंजाब में बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि भारत के गृह मंत्री ने भी इसकी रिपोर्ट पंजाब सरकार से मांग ली है तथा यदि सरकार शरारती तत्वों, नशे का धंधा करने वालों पर काबू न पा सकी, तो भारत सरकार को कठोर निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आए दिन सरकार के इशारे पर जो पुलिस मुलाजिम, नशों की तस्करी में पकड़े जा रहे हैं, वह भी एक चिंता का विषय है। पर सरकार उनके काले कारनामों को रफा दफा करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि नशा खाने वाले लोगों को पकड़ा जा रहा है। जबकि नशे का धंधा करने वाले बड़े बड़े मगरमच्छों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इस अवसर पर पंजाब सरकार के विरुद्ध धरना प्रदर्शन करके नारेबाजी की गई तथा भगवंत मान, सिसौदिया तथा अन्य मंत्रियों के पुतले भी जलाए गए।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!