logo

पब्लिक पार्क से सामान गायब, रोजाना सैर करने वाले लोगों में आक्रोश !!

पब्लिक पार्क से सामान गायब, रोजाना सैर करने वाले लोगों में आक्रोश !!

मोगा 12 जुलाई, (मुनीश जिन्दल)

आप और हम, रोजाना विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सहित अखबारों में चोरी की अनेक घटनाएं देखते, सुनते व पढ़ते रहते हैं, लेकिन अब इन चोरों व नशेड़ियों ने घरों व दुकानों के साथ साथ पब्लिक पार्कों का रुख कर लिया है। ताजा मामला सामने आया है शहर के वेदांतानन्द पार्क से, जहां शनिवार सुबह, रोजाना सैर पर आने वाले लोगों की हैरानी का उस समय कोई ठिकाना नहीं रहा, जब उन्होंने पार्क से एक लोहे का भारी भरकम, ठोस व बड़ा बैंच गायब पाया। चूंकि पार्क के दरवाजे अक्सर ही खुले रहते हैं, जिसके चलते नगर निगम सहित प्रशासन की इस अनदेखी के चलते रोजाना सैर पर आने वाले लोगों में खासा आक्रोश पाया जा रहा है। 

‘मोगा टुडे न्यूज़’ से बातचीत करते हुए रोजाना सैर पर आने वाले सीनियर सिटीजन मनमोहन अग्रवाल ने इसे नगर निगम की लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि इस पार्क के गेट अक्सर खुले रहते हैं, जिसके चलते ही कोई व्यक्ति इस भारी भरकम, ठोस व लोहे के बड़े बैंच को यहां से ले जाने में सफल हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने पार्क को सीसीटीवी कैमरों से लैस करने की मांग की। ताकि भविष्य में जहां ऐसी चोरी की घटनाओं पर विराम तो लगेगा ही, वहीं इस पब्लिक पार्क में गंदगी फैलाने वाले लोगों की भी पहचान कर उन पर अंकुश लगाया जा सकेगा। 

सीनियर सिटीजन सुभाष चंद्र अग्रवाल ने हैरानी जाहिर करते हुए कहा कि कल जब वे लोग सैर से गए थे, तब तक तो बैंच अपनी जगह पर ही था। लेकिन आज बेंच का कोई अता पता नहीं है। उन्होंने पार्क के दरवाजे बन्द रखने की मांग की। जिसके चलते उन्होंने प्रशासन सहित नगर निगम को इस ओर ध्यान देने की मांग की, ताकि चोरी की ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। सुभाष चंद्र ने भी पार्क को CCTV कैमरों से लैस करने की मांग की।

सैर के शौकीन शिव कुमार शर्मा ने बताया कि वे लोग रोजाना पार्क में सैर करने के बाद पार्क में लगे शैड के नीचे बैठते हैं। इस शैड के नीचे चार बेंच होते हैं। लेकिन आज उनमें से एक बैंच गायब है। उन्होंने कहा कि अगर हम इस पार्क के रखरखाव की बात करें, तो इसमें नगर निगम पूर्ण तौर से फेल है। जिसके चलते वे लोग इस जगह पर लगे शैड की छत्त को अपनी जेब से रुपए खर्च कर इसे नई डलवाने की योजना बना रहे थे। लेकिन आज तो बैंच ही गायब हो गया है। उन्होंने कहा कि पार्क का रखरखाव न होने से यह खंडहर में तब्दील होता जा रहा है। जिसके लिए प्रशासन व नगर निगम को इस ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के पास वेदांत पार्क के बाहर सैल्फी पॉइन्ट पर खराब करने के लिए तो लाखों रुपए हैं, लेकिन पार्क के रखरखाव के लिए शायद बजट नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यहां के पार्क के गेट खुले रहते हैं, जिसके चलते ऐसी घटना होना स्वाभाविक ही था। 

सैर प्रेमी एस.के सेठी ने बताया कि वे रोजाना सुबह सैर के लिए आते हैं। इस जगह पर लगा बेंच, थोड़ा बहुत हिलता था, लेकिन आज सुबह उनकी हैरानी का ठिकाना नहीं रहा, जब यहां बैंच ही नहीं था। उन्होंने कुल मिलकर पार्क के पर्यवेक्षण के लिए नगर निगम सहित प्रशासन से अपील की कि इस और ध्यान दें ताकि शहर की इस अहम व पुरानी धरोहर को बचाया जा सके। 

रोजाना सैर पर आने वाले अशोक कुमार सिंगला ने भी गायब हुए इस बैंच पर हैरानी जताते हुए कहा कि वेदांत पार्क शहर के बीचो बीच स्थित है। यहां से भारी भरकम बेंच को ले जाना बड़े अचरज की बात है। जिसके चलते उन्होंने प्रशासन सहित नगर निगम को इस ओर ध्यान देने की मांग की। 

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!