मोगा 09 फरवरी, (मुनीश जिन्दल)
डी.एन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा बारहवीं व शैक्षणिक सत्र 2025-26 की दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह और खुशी के साथ भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई, जिनमें गीत, नृत्य और भावनात्मक भाषण शामिल रहे। समारोह संबंधी जानकारी स्कूल की हिंदी की अध्यापिका ज्योति सूद व जीव विज्ञान की अध्यापिका अमनदीप बेदी ने मीडिया कर्मियों से जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि दोनों ही समारोह की शुरुआत स्कूल की प्रिंसिपल सोनिया कलसी द्वारा दीपशिखा प्रज्वलित करके की गई।

बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी अपने अध्यापकों के साथ एक संयुक्त तस्वीर में।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दी। बारहवीं कक्षा के विदायगी समारोह में मिस्टर और मिस फेयरवेल का चयन किया गया। जिसमें कॉमर्स स्ट्रीम से मिस्टर फेयरवेल का खिताब सहजप्रीत सिंह सिद्धू ने जब्कि भाविका सूद ने मिस फेयरवेल का खिताब जीता। वहीं साइंस स्ट्रीम से मिस्टर फेयरवेल का खिताब मनवीर सिंह ने व सुखमनप्रीत कौर ने मिस फेयरवेल का खिताब जीता।
इसी प्रकार दसवीं कक्षा के समारोह के दौरान भी मिस्टर फेयरवेल और मिस फेयरवेल का चयन किया गया, जिसमें प्रियंबदा उप्पल मिस फेयरवेल जबकि जय अरोड़ा मिस्टर फेयरवेल चुने गए। दसवीं कक्षा की फेयरवेल में स्कूल प्रबंधन कमेटी की और से स्कूल के दो सीनियर अध्यापक मैडम सुमन शर्मा तथा मैडम तरुण सोढ़ी को उनके अतुलनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गयाl कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा अध्यापकों को विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षक भावुक और गौरवान्वित नजर आए।

दसवीं कक्षा के मिस व मिस्टर फेयरवेल विजेता अध्यापकों के साथ।
बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। स्कूल की प्रिंसिपल सोनिया कलसी ने अपने प्रेरणादायक भाषण में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी। वहीं मैनेजमेंट के अध्यक्ष तुषार गोयल एवं अन्य मैनेजमेंट सदस्य ने भी छात्रों को आने वाले बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दी।

दसवीं की फेयरवेल की एक यादगार तस्वीर में विद्यार्थी व अध्यापक।
दोनों ही समारोह का समापन स्मृति-चिह्नों और सामूहिक फोटोग्राफ के साथ हुआ, जो कि सभी के दिलो दिमाग पर अपनी अमिट यादें छोड़ गया।

