

मोगा 9 अप्रैल (मुनीश जिन्दल)
आर्य प्रतिनिधि सभा जालंधर, पंजाब के अध्यक्ष सुदर्शन शर्मा के दिशा निर्देशों पर कार्य करते हुए आर्य गर्ल्ज़ सीनियर सैकेंडरी स्कूल मोगा में नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 की शुरुआत हवन यज्ञ के साथ की। सर्वशक्तिमान प्रभु का आशीर्वाद पाने के लिए बुधवार को स्कूल के हाल में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया।
स्कूल के प्रधानाचार्य अनीता सिंगल ने बताया कि आर्य समाज की शिक्षाओं के अंतर्गत नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त करके वातावरण को शुद्ध करने के लिए हवन का शुभ अनुष्ठान स्कूल में हर माह किया जाता है और शैक्षणिक सत्र के आरंभ में किए गए हवन यज्ञ ने बच्चों को, उनके नए शैक्षणिक स्तर की शुरुआत के लिए एक सकारात्मक और उत्साहजनक वातावरण प्रदान किया है। सभी ने आने वाले वर्षों में स्कूल के सुचारू संचालन के लिए भगवान से प्रार्थना करते हुए दिव्य वैदिक मंत्रों का जाप किया।

इस मौके पर उपस्थित छात्राएं।
स्कूल के प्रधान बोधराज मजीठिया ने बच्चों को बताया कि यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें वे अपने नए शैक्षणिक स्तर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्यों को निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। मैनेजर नरिंदर सूद तथा उपप्रधान सत्य प्रकाश उप्पल ने भी बच्चों को आत्मविश्वास और आत्म सम्मान को बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र में छात्रों को नए अवसर और चुनौतियां मिलेंगी। उन्होंने कहा कि स्कूल का उद्देश्य छात्रों को सर्वोत्तम शिक्षा प्रदान करना है और हवन के माध्यम से हम अपने इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए एक नई शुरुआत कर रहे हैं। वैदिक मंत्रों के साथ हवन की पवित्र अग्नि में आहूतियां डलवाने की रस्म स्कूल के अध्यापक दिवाकर भारती ने निभाई।
इस अवसर पर मैनेजमेंट सदस्य दिनेश सूद, नरोत्तम पुरी, मुकेश सिंगला, दीपक तायल, राजिंदर वधवा ,पी.एन मित्तल, वीना चुघ, प्रवीण शर्मा (पिन्ना),आयुष अरोड़ा (रिक्की), रमन गोयल, जतिंदर गोयल और कृष्णा वैलफेयर सोसाइटी से विशाल लूम्बा ने बच्चों को उनके नए शैक्षणिक स्तर की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। स्कूल की प्रधानाचार्य अनीता सिंगल सहित समूह स्टाफ ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद किया। अंत में सभी को प्रसाद भी वितरित किया गया।
मीडिया से ये समूची जानकारी स्कूल की अध्यापिका शिल्पी अरोड़ा ने साझा की।