
मोगा 26 मई (मुनीश जिन्दल)
डॉ. हरजोत कमल ने नगर निगम चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की संभावित हार को देखते हुए मतदान के अंतिम एक घंटे में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां कीं। डॉ. हरजोत कमल ने कहा कि पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि यदि चुनाव बैलेट पेपर से करवाए जा रहे हैं, तो पूरी मतदान प्रक्रिया कैमरों की निगरानी में होनी चाहिए। लेकिन चुनाव के दौरान हाईकोर्ट के आदेशों की खुलेआम अवहेलना की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई पोलिंग बूथों पर कैमरों की व्यवस्था सही ढंग से नहीं की गई और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के निर्देशों को नजरअंदाज किया गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगी और इस मामले को लेकर कानूनी विकल्पों पर भी विचार करेगी। उन्होंने संकेत दिए कि भाजपा इस पूरे मामले में जल्द ही कोई बड़ा कदम उठा सकती है। डॉ. हरजोत कमल ने आरोप लगाया कि कई वार्डों में भारतीय जनता पार्टी और अन्य विपक्षी दलों के प्रत्याशियों एवं उनके एजेंटों को पोलिंग बूथों से बाहर निकाल दिया गया, जबकि सत्ताधारी पार्टी के प्रत्याशी और महिला प्रत्याशियों के पति कथित तौर पर गैर कानूनी तरीके से बूथों के अंदर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मतदान के अंतिम डेढ़ घंटे में जो कुछ हुआ, उसे पूरा शहर समझ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी ने वास्तव में मोगा में विकास कार्य किए होते, तो उन्हें इस प्रकार की हरकतें करने की जरूरत नहीं पड़ती। मोगा की जनता बदलाव चाहती है और लोगों ने आम आदमी पार्टी को हराने के लिए मतदान किया था। लेकिन जब सत्ताधारी दल ने अपने प्रत्याशियों की हार होती देखी, तो कथित तौर पर “अघोषित बूथ कैप्चरिंग” की गई और विपक्षी दलों के एजेंटों को बाहर निकालकर अपने पक्ष में वोट डलवाए गए। भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और आने वाले दिनों में कानूनी तथा राजनीतिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन और मतदान करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। डॉ. हरजोत कमल ने यह भी कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार का कार्यकाल अब कुछ ही महीनों का मेहमान है और आने वाले समय में राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जिस स्तर पर भी गड़बड़ी हुई है, भाजपा उसे पूरी गंभीरता से उठाएगी और जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

