‘भाविप’ का तीज उत्सव एवं परिवार मिलन कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
मोगा 25 अगस्त, (मुनीश जिन्दल) भारत विकास परिषद् की मोगा शाखा द्वारा शहीदी पार्क में तीज उत्सव एवं परिवार मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध समाज सेविका कमलेश कौशिक ने बतौर मुख्य अतिथि जबकि स्नेह लता धुन्ना और सरोज रानी धुन्ना (नौलक्खा ज्वेलर्स) सम्मानित अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ परम्परागत तरीके से भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम के गायन से हुआ। जिसके पश्चात संस्था के पूर्व सचिव कृष्णा कोहली ने आए हुए सभी सदस्यों, अधिकारियों, अतिथियों और गणमान्य लोगों का स्वागत एवं धन्यवाद किया। मंच पर उपस्थित सभी सदस्यों एवं अतिथियों को गले में पट्टिका पहनाकर एवं माला डालकर सम्मानित किया गया। उपरांत क्षेत्रीय सह गतिविधि कन्वीनर डाक्टर राजेश पुरी ने तीज के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि यह त्यौहार भारतीय संस्कृति का अभिन्न एवं महत्वपूर्ण पर्व है। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार यह उत्सव भगवान शिव और माता पार्वती से सम्बन्धित है। यह तीज उत्सव का कार्यक्रम पूर्णरूप से शाखा की महिला सदस्यों द्वारा सजाया, संवारा एवं प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम के प्रकल्प प्रमुख शाखा के महिला प्रमुख नीरू अग्रवाल व अंजुम प्रवीण पुरी ने मंच का संचालन बड़े कलात्मक ढंग से किया। भाविप के तीज उत्सव एवं परिवार मिलन समारोह की एक झलक। सांस्कृतिक कार्यक्रम में जीविशा अग्रवाल ने गणपति आराधना पर नृत्य, मायरा अरोड़ा द्वारा कविता गायन, सरिशा पूरी द्वारा देशभक्ति के गीत पर नृत्य, तनीषा द्वारा गीत पर नृत्य, जयेश द्वारा तीज़ पर एक लघु स्पीच, प्रणव और अमायरा द्वारा कविता गायन, सीतेश और यशविंदर द्वारा भांगड़ा एवं कनिका और समायरा द्वारा नृत्य प्रस्तुत किया गया। ऋतु पूरी ने एक गीत पर नृत्य कर सभी का समां बांधा। परिषद् की महिला सदस्यों ने टप्पे और बोलियों से सांस्कृतिक कार्यक्रम में चार चांद लगाए। डाक्टर हेडगेवार सर्वहितकारी स्कूल के बच्चों ने बोलियों के साथ गिद्दा डाल कर तीज उत्सव की सार्थकता सिद्ध की। दर्शकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की खूब प्रशंसा की गई। इसके अतिरिक्त पूनम गोयल और नीलम अरोड़ा ने बच्चों, पुरुषों और महिलाओं की वन मिनट फन गेम्स करवाकर दर्शकों में नया उत्साह भर दिया। इस कार्यक्रम में समय की बद्धता पुरस्कार सुरिंदर अग्रवाल को और भाग्यशाली जोड़े का पुरस्कार सुभाष ग्रोवर – सरोज ग्रोवर को दिया गया। प्रत्येक प्रस्तुति एवं प्रतियोगिता के विजेता को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया गया। इस कार्यक्रम में परिषद् के लगभग 70 परिवारों के अतिरिक्त शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। राष्ट्रगान जन गण मन के गायन के साथ कार्यक्रम की समाप्ति हुई। Share this: Share on Facebook (Opens in new window) Facebook Share on X (Opens in new window) X Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading…
