दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के स्वच्छता अभियान ने बच्चों में नागरिक कर्तव्य की भावना को किया जागरूक : स्मृति भल्ला
मोगा 22 दिसंबर (मुनीश जिन्दल) जिले के नामवर शिक्षण संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में “स्वच्छता – प्रत्येक नागरिक का सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य” विषय के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए एक स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही स्वच्छता, जिम्मेदारी और अच्छे नागरिक बनने के मूल्यों को विकसित करना था। इस बात की जानकारी स्कूल की प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान विद्यार्थियों को अपने आस-पास, कक्षा तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता के महत्व संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। शिक्षकों ने बच्चों से जहां यह प्रश्न पूछे कि स्वच्छता क्यों आवश्यक है, वहीं विद्यार्थियों को ये बताया गया कि एक अच्छे नागरिक के रूप में हर व्यक्ति की जिम्मेदार भागीदारी क्यों जरूरी है। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों की सोच को जागृत करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं बल्कि सामूहिक कर्तव्य है, जो अनुशासन, सार्वजनिक स्थलों के प्रति सम्मान और देश के प्रति प्रेम को दर्शाता है। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार साझा किए और अपने घर, विद्यालय तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। प्रिंसिपल सुश्री स्मृति भल्ला ने आगे कहा कि “स्वच्छता की शुरुआत जागरूकता से होती है और जब यह जागरूकता बचपन से विकसित की जाती है, तो वही जागरूकता आगे चलकर जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाती है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को यह समझाते हैं कि छोटे-छोटे प्रयास भी समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।” उन्होंने बताया कि स्कूल का यह अभियान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा और सभी में यह संदेश सफलतापूर्वक पहुंचाया गया कि स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदार भागीदारी आवश्यक है। Share this: Click to share on Facebook (Opens in new window) Facebook Click to share on X (Opens in new window) X Click to share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading...
