logo

mogatodaynews

administrator

वार्ड 20, कोंग्रस प्रत्याशी अनीता शर्मा ने अपने समर्थकों सहित मांगे वोट 

मोगा 20 मई (मुनीष जिन्दल/ अशोक मौर्या)  शहर के वार्ड नंबर 20 से जहां विभिन्न पार्टियों के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी ने इस बार अपना विश्वास अनीता शर्मा पर जताया है। गत दिवस जब अनीता शर्मा अपने समर्थकों सहित अहाता बदन सिंह में वोट मांग रहे थे, उस वक्त “मोगा टुडे न्यूज़” की टीम ने अनीता शर्मा सहित उनके समर्थकों से खास बात की। पेश हैं, उस बातचीत के मुख्य अंश : 

वार्ड नं 42, जानिए, आखिर क्या है ‘आप’ प्रत्याशी पूनम जिन्दल का वोट मांगने का आधार 

मोगा 20 मई (मुनीष जिन्दल/ अशोक मौर्या)  “मोगा टुडे न्यूज़” की टीम ने वार्ड नंबर 42 से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी पूनम जिन्दल व उनके समर्थकों से खास बातचीत की। क्या कहना था पूनम जिन्दल व उनके समर्थकों का, आइए आप खुद ही सुन लें :

माननीय जज जस्टिस जगमोहन बंसल पहुंचे मोगा, संवेदनशील गवाह बयान केंद्र का किया उद्घाटन 

मोगा, 16 मई (मुनीश जिन्दल) मोगा के ज्यूडिशियल कोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के माननीय जज जस्टिस जगमोहन बंसल ने संवेदनशील गवाह बयान केंद्र (Vulnerable Witness Deposition Centre) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विशेष रूप से पहुंचे माननीय जज जस्टिस जगमोहन बंसल का जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोगा नीलम अरोड़ा, डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया, सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस सरताज सिंह चहल, जिले के सभी न्यायिक अधिकारियों तथा बार एसोसिएशन मोगा के प्रधान सुखविंदर सिंह सिद्धू और बार एसोसिएशन निहाल सिंह वाला के प्रधान संदीप अरोड़ा, वरिष्ठ वकीलों एवं बार के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के माननीय जज जस्टिस जगमोहन बंसल ने संवेदनशील गवाह बयान केंद्र (Vulnerable Witness Deposition Centre) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिला अदालतों, मोगा में स्थापित यह संवेदनशील गवाह बयान केंद्र संवेदनशील गवाहों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह केंद्र संवेदनशील गवाहों को आपराधिक मामलों में गवाही देने हेतु सुरक्षित, सहज एवं बाधा मुक्त वातावरण प्रदान करेगा। इस अवसर पर अमरजीत सिंह, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिशन स्वरूप, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुनीश अरोड़ा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, शिव मोहन गर्ग, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रावी इंदर कौर संधू, प्रिंसिपल जज, फैमिली कोर्ट, पुष्पा रानी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन), ममता कक्कड़, चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट, सिमरन सिंह, सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, इतू सोढ़ी, अतिरिक्त सिविल जज (सीनियर डिवीजन) तथा अन्य न्यायिक अधिकारी इंसान, लवलीन संधू, आशिमा शर्मा, सुखप्रीत कौर, मनप्रीत कौर, मिस पारिका, सभी सिविल जज (जूनियर डिवीजन), वकीलगण, मोगा के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी आदि भी उपस्थित थे।

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल ने नन्हे मुन्नो को “गुड टच एवं बैड टच” प्रति किया जागरूक 

मोगा, 16 मई (मुनीश जिन्दल) दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में किंडरगार्टन विद्यार्थियों के लिए “गुड टच एवं बैड टच” जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। ये जानकारी स्कूल की प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने मीडिया कर्मियों से साझा की। उन्होंने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य नन्हे विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा एवं शरीर की सीमाओं के प्रति जागरूक करना था। यह गतिविधि विद्यालय के स्टाफ द्वारा अत्यंत रोचक एवं संवादात्मक तरीके से आयोजित की गई, जिसमें प्रदर्शन हेतु मैनेक्विन (डमी मॉडल) का उपयोग किया गया। शिक्षकों ने सरल भाषा, अभिनय, संकेतों एवं उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श संबंधी आयु अनुरूप जानकारी दी। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि यदि कभी कोई परिस्थिति उन्हें असहज महसूस कराए तो वे तुरंत “ना” कहें और अपने माता-पिता, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने आगे बताया कि नन्हे विद्यार्थियों ने गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न प्रश्नों एवं प्रदर्शनों के माध्यम से अपनी समझ व्यक्त की। इस गतिविधि ने बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने एवं खुलकर अपनी बात रखने की भावना को भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने अपने स्कूल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। सही जानकारी एवं जागरूकता बच्चों को सुरक्षित एवं आत्मविश्वासी बनने में सहायता करती है। इस प्रकार की गतिविधियां, बच्चों में आत्म-सुरक्षा के कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।  गतिविधि का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ, जहाँ विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। 

DN मॉडल स्कूल का वार्षिक परिणाम घोषित, विद्यार्थियों, अध्यापकों व अभिभावकों को बधाई : सोनिया कलसी 

मोगा 25 मार्च (मुनीश जिन्दल)  डी.एन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जो कि शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट शैक्षिक गुणवत्ता और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव अग्रणी रहा है, ने इस वर्ष भी अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए छात्रों को बेहतर शिक्षा प्रदान की है। जिसके चलते प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यार्थियों ने बेहतरीन अंक लाकर अपना, अपने स्कूल का व अभिभावकों का नाम रोशन किया है।  ये जानकारी मीडिया कर्मियों से स्कूल की हिंदी की अध्यापिका ज्योति सूद व जीव विज्ञान की अध्यापिका व परीक्षा कक्ष की हैड अमनदीप बेदी ने साझा की। इस मौके पर उनके साथ अध्यापिका रेनू बाला मकोल भी उपस्थित थी। DN मॉडल स्कूल की प्रबंधन कमेटी, प्रिंसिपल सोनिया व अध्यापक, उत्तीर्ण आने वाले विद्यार्थियों के साथ।  इस मौके पर स्कूल की प्रिंसिपल सोनिया कलसी ने बताया कि विद्यालय में न केवल पढ़ाई का स्तर उच्च है, बल्कि विद्यार्थियों को विभिन्न सह शैक्षिक गतिविधियों और कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए भी निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में दो दिनों तक लगातार वार्षिक परिणाम घोषित किए गए, जिसमें सभी कक्षाओं के नतीजे घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों सहित उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेधावी छात्रों को जहां मेडल प्रदान किए गए, वहीं जिन विद्यार्थियों की उपस्थिति वर्ष भर सर्वाधिक रही, उन्हें भी विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रिंसिपल सोनिया ने बताया कि इस वर्ष स्कूल ने  विद्यार्थियों को होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड प्रदान किए गए, जिनके माध्यम से उन्हें पूरे वर्ष में उनकी शैक्षणिक और सह शैक्षिक गतिविधियों में प्रदर्शन का समग्र मूल्यांकन और ग्रेड की जानकारी मिली। यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को दर्शाती है। प्रिंसिपल सोनिया कलसी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के परिश्रम की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्कूल में इस प्रकार का आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल उनके परिश्रम का सम्मान है, बल्कि भविष्य में उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देने वाला एक मील पत्थर भी है।  इस मौके पर स्कूल में एक साधारण लेकिन प्रभावशाली समागम का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूल की प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष तुषार गोयल तथा अन्य सदस्यों ने छात्रों को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, उन्होंने विद्यालय के वार्षिक कैलेंडर का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर स्कूल प्रशासन द्वारा घोषित परिणामों के मुताबिक़ प्रथम स्थान पर ‘आकाश हाउस’ रहा, जिसके इंचार्ज अध्यापिका कपिला गुगनानी एवं अरविंद सूद हैं। जबकि द्वितीय स्थान पर ‘जल हाउस’ रहा, जिसके इंचार्ज ज्योति सूद एवं वंदना गर्ग हैं। इन दोनों हाउसों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित 

मोगा 7 मार्च (मुनीश जिन्दल)  दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मोगा में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल की सभी महिला शिक्षिकाओं के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं के लिए कई मनोरंजक गतिविधियाँ और खेल आयोजित किए गए, जिनमें सभी ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने महिला शिक्षिकाओं के समर्पण, मेहनत और शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने अपने संबोधन में शिक्षिकाओं को प्रेरित किया और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएँ समाज और शिक्षा के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और उनका योगदान अमूल्य है। कार्यक्रम के दौरान महिला शिक्षिकाओं के साथ मिलकर केक काटा गया और उन्हें उपहार देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर सभी ने मिलकर महिला दिवस की खुशियाँ साझा कीं और एक दूसरे को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का समापन खुशी और उत्साह के माहौल में हुआ। सभी शिक्षिकाओं ने इस आयोजन का आनंद लिया और विद्यालय प्रबंधन का धन्यवाद किया।

ISF कालेज ऑफ फार्मेसी में फार्मा अन्वेषण 2026 का भव्य आरंभ 

मोगा, 7 मार्च (मुनीश जिन्दल) राज्य की प्रमुख शिक्षण संस्था आई.एस.एफ.कालेज ऑफ फार्मेसी में फार्मा अन्वेंशन 2026 का भव्य आरंभ बलदेव कृष्ण मेमोरियल ऑडिटोरियम हाल में डा. मोंटू एम.पटेल, अध्यक्ष फार्मेसी कौंसिल आफ इंडिया, गेस्ट ऑफ ऑनर सुशील कुमार बंसल मेंबर फार्मेसी कौंसिल आफ इंडिया एवं अध्यक्ष पंजाब स्टेट फार्मेसी कौंसिल, सुनील चौधरी मेंबर पी.सी.आई एवं चेयरमैन ला कमेटी पी.सी.आई, गोपाल कृष्ण शर्मा अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश फार्मेसी कौंसिल एवं मेंबर पी.सी,आई., अमित दुग्गल ड्रग कंट्रोलर पंजाब, सोहन लाल कंसल मेंबर पी.सी.आई, मोहम्मद बशीर मेंबर पी.सी.आई, सुरेन्द्र मोहन मेंबर पी.सी.आई, सुखविंदपाल मेंबर पंजाब स्टेट फार्मेसी कौंसिल, डा. प्रवीण बंसल डीन IKGPTU जालंधर, दिनेश मदान चेयरमैन प्रोफेशनल फार्मेसी एंड पब्लिक रिलेशन कमेटी नई दिल्ली, निकुल जलान CA, संस्था के चेयरमैन प्रवीण गर्ग, एडवोकेट सुनील गर्ग, सचिव इंजी. जनेश गर्ग, डायरेक्टर डा. जी.डी.गुप्ता, ISFCPR के प्रिंसिपल डा. आर.के. नारंग, आग्रेनाइजिंग सचिव डा. सौरभ कोसे एवं अन्य अतिथिगण ने ज्योति प्रज्वलित करके किया। इस मौके पर दूसरे राज्यों से पहुंचे साइंटिस्ट, चेयरमैन, डायरेक्टर, डीन व अन्य गणमान्य। इस मौके पर मुख्य अतिथि फार्मेसी कौंसिल आफ इंडिया के अध्यक्ष मोंटू पटेल ने अपने संबोधन में फार्मा अन्वेशन 2026 के भव्य आरंभ की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन छात्रों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और उद्योग पेशेवरों के लिए एक मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने विचारों को साझा कर सकते हैं, शोध निष्कर्ष प्रस्तुत कर सकते हैं और फार्मेसी शिक्षा और अनुसंधान में उभरते रुझानों का पता लगा सकते हैं। इस मौके पर मुख्यतिथियों का स्वागत फूलों के बुके व पौधे देकर किया गया। इस मौके पर संस्था के चेयरमैन प्रवीण गर्ग ने अपने सम्बोधन में कहा कि पंजाब राज्य में यह अन्वेषण करने का सौभाग्य ISF कालेज आफ फार्मेसी को प्राप्त हुआ है, जिसके लिए वह बहुत आभार फार्मेसी कौंसिल आफ इंडिया का प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्था छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए छात्रों के लिए शिक्षा, रिसर्च एवं चौमुखी विकास के लिए यहां पर कार्यरत 14 राज्यों के शिक्षक दिन रात मेहनत करके छात्रों को आज के युग के मुताबिक बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। यहां से पढ़कर छात्र देश एवं विदेशों में अपना नाम रोशन कर रहे हैं। इस मौके पर संस्था के डायरेक्टर डा. जी.डी. गुप्ता ने कहा कि यह अन्वेंशन फार्मेसी कौंसिल आफ इंडिया के द्वारा अनुदान प्राप्त है जो कि नेशनल फार्मेसी एजुकेशन दिवस के रूप में प्रोफेसर एम.एल.सर्राफ फादर ऑफ फार्मेसी इन इंडिया की 124 वीं जन्मतिथि पर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि फार्मा अन्वेशन 2026 में पंजाब राज्य एवं कई अन्य राज्यों के 500 से अधिक इंडस्ट्री, एकेडमिया, अस्पताल एवं कई प्रोफेशनल बाडी के पदाधिकारीगण के साथ साथ रिसर्चरों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में 120 से अधिक ओरल प्रेजेंटेशन, पोस्टर प्रेजेंटेशन, पेटेंट, डिजाइन पेटेंट, टैक्नालाजी ट्रांसफर एवं कर्मशलाइज प्रोडक्ट को प्रस्तुत किया जाएगा। जिसका निर्णायक मंडल के द्वारा निरीक्षण करने पर सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उपस्थित इंडस्ट्री के पदाधिकारी एवं आए हुए संस्थानों के डायरेक्टर, प्रिंसिपल के साथ फार्मेसी कौंसिल आफ इंडिया के पदाधिकारीगण, क्वालिटी आफ एजुकेशन एवं रिसर्च पर चर्चा करेंगे व उत्कर्ष बनाने के लिए मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ISF कॉलेज ऑफ फार्मेसी माह अक्टूबर 2026 में ICS 22 का आयोजन करने जा रहा है। इस अंतर राष्ट्रीय सिंपोजियम का हर दो वर्ष में आयोजन किया जाता है। ICS 18 का आयोजन अमेरिका में ICS 2019 का आयोजन टोक्यो, ICS 20 का आयोजन ईटली व ICS 21 का आयोजन फ्रांस में वर्ष 2024 में हुआ था। ICS का आयोजन 44 वर्ष में भारत में प्रथम बार किया जाएगा। यह अंतरराष्ट्रीय सिम्पोजियम पांच दिन चलेगा, जिसमें 15 देशों के स्पीकर एवं कई देशों के 50 से अधिक साइंटिस्टों के साथ साथ लगभग पांच हजार लोग इसमें भागीदारी करके रिसर्च, इनोवेशन एवं तकनीकी व्याख्यान के साथ साथ कई रिसर्च प्रोजेक्टों पर बातचीत की जाएगी। यह कालेज रूरल एरिया एवं बार्डर एरिया के पास होने के बावजूद भी गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा एवं रिसर्च को निरंतर प्रदान कर रहा है। 

महिलाओं का इन्तजार खत्म, इस दिन होगी 1000 रु मिलने की घोषणा : विधायक अमनदीप

मोगा, 7 मार्च (मुनीश जिन्दल) ‘आप’ की भगवंत मान सरकार पंजाब की महिलाओं से किया एक हजार रुपए मासिक सहायता का वादा 8 मार्च को पूरा करने जा रही है। इसकी औपचारिक घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा की जाएगी। यह जानकारी विधानसभा हल्का मोगा से विधायक और ‘आप’ महिला विंग पंजाब की प्रधान डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि बहनों को हर महीने एक हजार रुपए देने का आखिरी बड़ा वादा भी 8 मार्च से पूरा होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क सुरक्षा फोर्स (एस.एस.एफ) का गठन, हर परिवार के लिए 10 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की योजना, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और खेतों के आखिरी छोर तक नहरी पानी पहुंचाने जैसे बड़े काम पहले से किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पंजाब के लोगों से किए जा रहे एक एक वायदे को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें किसी प्रकार की समस्या पेश आती है तो उनके ध्यान में लाई जाए, ताकि उसका पहल के आधार पर हल करवाया जा सके। 

दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में ‘होली’ उत्सव रंगों और उमंग के साथ मनाया गया : स्मृति भल्ला 

मोगा 3 मार्च, (मुनीश जिन्दल)  दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मोगा में रंगों का पावन पर्व होली अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की खिलखिलाती मुस्कान, रंग बिरंगी सजावट और आनंदमय वातावरण से सराबोर हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रातःकालीन सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों को होली के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व संबंधी बताया गया। शिक्षकों ने बच्चों को जीवन में रंगों के महत्व से अवगत करवाते हुए बताया कि लाल रंग प्रेम और साहस का प्रतीक है, पीला रंग खुशहाली और सकारात्मकता दर्शाता है, हरा रंग विकास और समरसता का संदेश देता है, जबकि नीला रंग शांति और स्थिरता का प्रतीक है। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे इन मूल्यों को केवल त्योहार तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन में भी अपनाएँ। विभिन्न कक्षाओं के लिए अनेक मनोरंजक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। नन्हें विद्यार्थियों ने रंग भरने की प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण तथा इको-फ्रेंडली होली से संबंधित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने एकता, क्षमा और खुशियाँ बाँटने के महत्व पर संवादात्मक सत्रों में भाग लिया। संगीत और समूह नृत्य प्रस्तुतियों ने उत्सव में चार चाँद लगा दिए। विद्यालय में सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को प्राकृतिक और हर्बल रंगों का प्रयोग करने, जल की बर्बादी से बचने तथा एक दूसरे की भावनाओं और सीमाओं का सम्मान करने की सलाह दी गई। “पानी की बचत करें” और “रासायनिक रंगों से बचें” का संदेश भी प्रभावी रूप से विद्यार्थियों को दिया गया। स्कूल की प्रिंसिपल स्मृति भल्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह एकता, सकारात्मकता और नई शुरुआत का उत्सव है। प्रत्येक रंग हमें एक महत्वपूर्ण सीख देता है, प्रेम फैलाने की, सामंजस्य बनाए रखने की और दूसरों के जीवन में खुशियाँ भरने की। आइए, हम सभी जिम्मेदारी के साथ होली मनाएँ और इसके सच्चे संदेश को पूरे वर्ष अपने जीवन में अपनाएँ।” कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा एक दूसरे को शुभकामनाएँ देने और सुरक्षित एवं सार्थक होली मनाने के संकल्प के साथ हुआ। यह उत्सव आनंद और मूल्यों का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए सभी के मन में खुशियों के रंग भर गया।

DN मॉडल स्कूल में ‘होली’ की रही धूम, अध्यापकों ने जूनियर विंग के साथ मनाया पर्व 

मोगा 3 मार्च, (मुनीश जिन्दल) DN मॉडल स्कूल में रंगों का त्योहार होली बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस मौके पर स्कूल की प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष तुषार गोयल, प्रिंसिपल सोनिया कलसी सहित अन्य अनेक अध्यापकों ने जूनियर विंग के साथ होली खेलकर ये त्योहार मनाया।  स्कूल की हिंदी की अध्यापिका ज्योति सूद व जीव विज्ञान की अध्यापिका अमनदीप बेदी ने मीडिया कर्मियों को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। जिसके बाद बच्चों ने रंगों के इस त्योहार को बड़े आनंद के साथ मनाया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों के लिए विशेष रूप से फूलों तथा प्राकृतिक रंगों की होली का आयोजन किया गया था। जिसमें बच्चों पर रंग बिरंगे फूलों की वर्षा की गई। फूलों की होली ने वातावरण को सुगंधित और आनंदमय बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे परिधानों और बच्चों की खुशियों से सराबोर दिखाई दिया, बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। प्रबंधन कमेटी व अध्यापक, नन्हे मुन्नों के साथ, एक संयुक्त तस्वीर में।  इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन कमेटी के प्रधान तुषार गोयल सहित अन्य मैनेजमेंट सदस्यों ने बच्चों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उन्हें सुरक्षित व प्रेमपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया। प्रिंसिपल सोनिया कलसी ने  भी विद्यार्थियों को प्राकृतिक रंगों से होली खेलने का संदेश दिया और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने नन्हे मुन्नों के साथ होली खेलकर बच्चों का उत्साह और भी बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक मूल्यों, आपसी प्रेम और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी।  इस मौके पर स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्य अश्वनी कुमार शर्मा, अविनाश गुप्ता, अनिल दीप भारद्वाज, अमित बंसल व राकेश गांधी भी मौजूद थे। 
error: Content is protected !!